नई दिल्ली
कनाडा में मशहूर कॉमेडियन कपिल शर्मा के नए कैफे पर फायरिंग की घटना सामने आई है। इस फायरिंग में कोई घायल नहीं हुआ है, लेकिन इससे स्थानीय लोगों और कपिल के प्रशंसकों में खलबली मच गई है। कनाडा पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश की जा रही है।
बताया जा रहा है कि इस हमले की जिम्मेदारी एनआईए के मोस्ट वांटेड खालिस्तानी आतंकी हरजीत सिंह लाडी ने ली है। हरजीत ने सोशल मीडिया के माध्यम से दावा किया है कि वह कपिल शर्मा की कुछ टिप्पणियों से नाराज था, जिसके चलते उसने यह फायरिंग करवाई।
कपिल शर्मा ने हाल ही में कनाडा में एक कैफे की शुरुआत की थी। इसकी सॉफ्ट लॉन्चिंग में कपिल खुद शामिल हुए थे और उनकी पत्नी गिन्नी चतरथ ने सोशल मीडिया पर इसके वीडियो भी साझा किए थे। इस रेस्टोरेंट के खुलते ही कई फिल्मी सितारों ने कपिल को शुभकामनाएं दी थीं। कीकू शारदा समेत कई साथियों ने सोशल मीडिया पर बधाई दी थी।
युक्तियुक्तकरण के खिलाफ आम आदमी पार्टी का प्रदेशव्यापी धरना प्रदर्शन कल
फायरिंग की घटना के बाद एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें हमलावरों को भागते हुए देखा जा सकता है। पुलिस इस वीडियो के जरिए हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। शुरुआती जांच में आतंकी हरजीत सिंह लाडी का नाम सामने आया है, जो पहले भी कई आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है।
कपिल शर्मा इन दिनों अपने नेटफ्लिक्स शो ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ के तीसरे सीजन में व्यस्त हैं। दुनियाभर में उनकी लोकप्रियता लगातार बढ़ती जा रही है। खासतौर पर कनाडा, अमेरिका और यूरोप जैसे देशों में उनके लाखों फैंस हैं। कपिल ने इसी लोकप्रियता को देखते हुए कनाडा में यह कैफे शुरू किया था।
हालांकि इस हमले के बाद कपिल शर्मा की टीम या उनके प्रवक्ता की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ाने की दिशा में कदम उठा रही है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।




