कोलकाता/पटना,। पटना के पारस अस्पताल में गोली मारकर मारे गए सजायाफ्ता गैंगस्टर चंदन मिश्रा हत्याकांड में बड़ा खुलासा हुआ है। इस हत्याकांड की साजिश बंगाल की पुरुलिया जेल में रची गई थी। इस मामले में कोलकाता से मुख्य शूटर तौसीफ रजा उर्फ बादशाह समेत 10 संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि पुरुलिया जेल में बंद कुख्यात गैंगस्टर शेरू सिंह ने चंदन मिश्रा की हत्या की साजिश रची थी। उसने अपने पुराने साथी तौसीफ रजा को इस काम की सुपारी दी थी, जो उसका बेहद करीबी गुर्गा बताया जा रहा है।
शनिवार देर रात, बिहार और बंगाल एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में कोलकाता के आनंदपुर इलाके के एक गेस्ट हाउस से मुख्य शूटर तौसीफ सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया। कुल 10 संदिग्धों की गिरफ्तारी अब तक हो चुकी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शेरू सिंह और तौसीफ रजा के बीच की दोस्ती पटना की बेऊर जेल में हुई थी। उसी दौरान दोनों ने मिलकर आगे की योजनाएं तैयार की थीं। चंदन मिश्रा की हत्या के सिलसिले में बिहार एसटीएफ ने शुक्रवार को शेरू सिंह से जेल में पूछताछ भी की।
इस हत्याकांड ने एक बार फिर जेल के अंदर से चलने वाले गैंग ऑपरेशन की हकीकत को उजागर कर दिया है। फिलहाल पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में छापेमारी कर रही है और जांच जारी है।




