अहमदाबाद। गुरुवार की दोपहर गुजरात के अहमदाबाद शहर के लिए काला दिन बन गया, जब लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 भीषण हादसे का शिकार हो गई। बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान ने सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद नियंत्रण खो दिया और सीधे मेघाणीनगर इलाके में स्थित एक मेडिकल कॉलेज की पांच मंजिला इमारत से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आस-पास की कई इमारतें भी इसकी चपेट में आ गईं और आग की लपटों में घिर गईं।
विमान हादसे में बच गया यात्री रमेश विश्वास कुमार, कहा- “अगल-बगल लाशें ही लाशें थीं”
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विमान बेहद नीची उड़ान भरता हुआ दिखाई दिया और अचानक शोर के साथ इमारत से जा भिड़ा। हादसे के बाद पूरा इलाका धुएं और आग से भर गया। चीख-पुकार और अफरा-तफरी के बीच स्थानीय लोगों और बचाव दल ने राहत कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भेजा गया है, लेकिन अभी तक मरने वालों की सही संख्या सामने नहीं आई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विमान में 230 यात्री और 12 क्रू मेंबर सवार थे। आशंका है कि अधिकांश लोग इस दुर्घटना में जान गंवा चुके हैं।
अहमदाबाद प्लेन हादसे में उजड़ गया एक हंसता-खेलता परिवार: डॉ. प्रदीप व्यास की ‘आखिरी सेल्फी’ बनी हमेशा की याद, लंदन जाने से पहले मौत ने छीन ली मुस्कान
गृह मंत्री अमित शाह ने दी जानकारी, बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हादसे पर दुख जताते हुए बताया कि भारत सरकार और गुजरात सरकार की तमाम एजेंसियां राहत और बचाव कार्य में तेजी से जुटी हैं। उन्होंने कहा, “मैं घटनास्थल पर गया और एकमात्र बचे यात्री से भी मिला हूं। ईंधन की अत्यधिक मात्रा और गर्मी के कारण आग तेजी से फैली, जिससे लोगों को बचने का समय ही नहीं मिल सका।” शाह ने बताया कि विमान में सवा लाख लीटर ईंधन था, जिसने हादसे को और भी भीषण बना दिया।
डीएनए पहचान प्रक्रिया को लेकर उन्होंने कहा, “करीब 1,000 से अधिक डीएनए सैंपल लिए जाएंगे। इस काम के लिए विशेष टीमें तैनात की गई हैं और सभी जांचें गुजरात में ही होंगी। केवल डीएनए टेस्ट के बाद ही मृतकों की पहचान और आंकड़ा सार्वजनिक किया जाएगा।”
विमान हादसे से सन्न गुजरात, पूरे देश में शोक की लहर
अहमदाबाद में हुए इस भीषण हादसे ने पूरे गुजरात को हिला दिया है। एयर इंडिया की यह फ्लाइट लंदन के गैटविक एयरपोर्ट जा रही थी और उसमें सवार कई यात्री अपने परिवार से मिलने या बिजनेस ट्रिप पर जा रहे थे। इस त्रासदी ने कई परिवारों को तोड़ दिया है और पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है।
सरकार ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं और विमान दुर्घटना अन्वेषण ब्यूरो (AAIB) इसकी गहन जांच करेगा। साथ ही, एयरपोर्ट प्रशासन और DGCA से विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है। अहमदाबाद से दिल्ली तक का हर संवेदनशील तंत्र अब इस त्रासदी की तह तक जाने में जुट गया है।




