नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने दिवाली से पहले आम जनता और ऑटोमोबाइल सेक्टर को बड़ी राहत देते हुए जीएसटी ढांचे में अहम बदलाव किए हैं। अब पहले के चार स्लैब की जगह केवल दो स्लैब 5% और 18% ही लागू होंगे। दिल्ली में हुई जीएसटी काउंसिल की 56वीं बैठक में यह फैसला लिया गया, जिसके तहत कई वस्तुओं और सेवाओं की कीमतों में कटौती होगी।
इस बदलाव का सबसे बड़ा असर ऑटोमोबाइल क्षेत्र पर पड़ेगा। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बताया कि नई दरें 22 सितंबर से लागू होंगी। इसके बाद कार और बाइक खरीदने वालों को सीधे फायदा मिलेगा।
छोटी और लग्जरी कारों पर नया जीएसटी
नई व्यवस्था के अनुसार 1200 सीसी तक के पेट्रोल इंजन, 1500 सीसी तक के डीजल इंजन और 4 मीटर से कम लंबाई वाली कारों पर अब केवल 18% जीएसटी लगेगा। पहले इन पर 28% जीएसटी लागू होता था।
इस श्रेणी में देश की कई लोकप्रिय हैचबैक, कॉम्पैक्ट एसयूवी और सेडान शामिल हैं। इनमें मारुति सुजुकी स्विफ्ट, वैगनआर, बलेनो, इग्निस, ब्रेजा, हुंडई वेन्यू, आई10, आई20, ऑरा, किआ सॉनेट, टाटा नेक्सन, पंच, टिगोर और टिएगो जैसी गाड़ियां शामिल हैं।
नई दरों के बाद इन कारों की कीमतों में 5 से 10 प्रतिशत तक कमी आने की संभावना है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह फैसला त्योहारी सीजन में कार और बाइक की बिक्री को तेजी देगा और आम उपभोक्ता को सीधे तौर पर राहत पहुंचाएगा।




