जांजगीर-चांपा। एकतरफा प्यार में इशिका शर्मा (22) की हत्या की गई है। परिवार का करीबी ही हत्या का मास्टरमाइंड निकला। मृतका के भाई ने रोहन पांडु का नाम लिया था। क्योंकि हत्या वाली रात रोहन घर पर आया था। आरोपी ने अपने एक ओर दोस्त के साथ मिलकर इशिका की गला दबा कर हत्या कर दी। पुलिस ने एक आरोपी रोहन को मस्तूरी और राजेंद्र को पंडरिया से गिरफ्तार कर जांजगीर लाई है। पूछताछ में दोनों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक 12 फरवरी को युवती के माता-पिता घर में नहीं थे। इशिका के पत्रकार पिता गोपाल शर्मा पत्नी के साथ कोरबा गए हुए थे। आरोपी रोहन को जैसे ही ये बात पता चली, वो रात के 8 बजे युवती के घर गया। इसके बाद इशिका के भाई आर्यन के साथ ड्रीम प्वाइंट होटल से खाना लेकर आया और अपने पास पहले से रखी नींद की गोली मौका देखकर उसमें मिला दी। खाना खाने के बाद भाई नींद में चला गया, तो उसे दूसरे कमरे में ले जाकर सुला दिया और दरवाजा बाहर से बंद कर दिया।
दम घुटने से मौत
इसके बाद रोहन घर से चला गया और दूसरे आरोपी राजेंद्र सूर्या से नहर पुल के पास मिला। दोनों ने वहीं पर जमकर शराब पी। फिर दोनों आरोपी इशिका के घर रात 10 बजे किसी बहाने से पहुंचे। यहां उसने दूसरे लड़कों से बात करने की बात कहकर इशिका से विवाद करने लगा। उसने कहा कि तुम दूसरों से मोबाइल पर बात मत किया करो, जब इस पर इशिका ने आपत्ति ली, तो दोनों आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद रोहन ने युवती का गला दबा दिया और राजेंद्र ने उसके दोनों पैरों को पकड़कर रखा। दम घुटने से युवती की मौत हो गई। हत्या की जानकारी पुलिस को 13 फरवरी को हुई। जिसके बाद पुलिस ने 24 घंटे में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और गहने, स्कूटी और मोबाइल को जब्त कर लिया।




