तेल अवीव। इजराइल और ईरान के बीच चल रहा संघर्ष और अधिक उग्र होता जा रहा है। ताजा घटनाक्रम में इजराइली रक्षा बल (IDF) ने दावा किया है कि उसने सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात तेहरान में एक मानवयुक्त मुख्यालय पर एयरस्ट्राइक कर ईरान के नए आर्मी चीफ ऑफ स्टाफ अली शादमानी को मार गिराया है। यह बीते पांच दिनों में दूसरा मौका है जब इजराइल ने ईरानी सेना के शीर्ष युद्धकालीन अधिकारी को निशाना बनाया है।
बीजापुर में सरेंडर नक्सली परिवार के 3 लोगों की बेरहमी से हत्या, नक्सलियों ने 7 ग्रामीणों को बंधक बनाकर पीटा
IDF के मुताबिक यह हमला खुफिया जानकारी के आधार पर किया गया था। अली शादमानी की हाल ही में ईरानी सेना के आपातकालीन कमांडर के रूप में नियुक्ति हुई थी, जब उनके पूर्ववर्ती अला अली राशिद पिछले हमले में मारे गए थे।
ईरान को लगा बड़ा झटका
शादमानी न केवल ईरानी सेना बल्कि रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) में भी प्रभावशाली पद पर थे। उनकी सैन्य रणनीति और नेतृत्व क्षमता के कारण वे ईरान के सबसे वरिष्ठ और ताकतवर सैन्य अधिकारियों में गिने जाते थे। उनकी मौत को ईरान की सैन्य ताकत और कमांड संरचना के लिए एक बड़ा नुकसान माना जा रहा है।
बढ़ती सैन्य कार्रवाई
इजराइल की इस कार्रवाई के जवाब में ईरान ने भी अपनी हमलावर नीति तेज कर दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मंगलवार को ईरान ने इजराइल पर कई मिसाइलें दागीं, जिनके चलते कई इलाकों में सायरन बजाए गए। हालांकि, इजराइल ने अपने एयर डिफेंस सिस्टम से अधिकतर मिसाइलों को हवा में ही निष्क्रिय कर दिया और किसी प्रकार के नुकसान की पुष्टि नहीं की गई है।
IDF ने कहा कि वायुसेना अब भी जवाबी कार्रवाई में जुटी है और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त सैन्य ऑपरेशन शुरू किए जा सकते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार यह संघर्ष अब बेहद संवेदनशील मोड़ पर पहुंच चुका है।




