नई दिल्ली
देश के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश और मौसम जनित आपदाओं ने कहर बरपाया है। बिहार के भोजपुर, बक्सर और नालंदा जिलों में बिजली गिरने की घटनाओं में 5 लोगों की मौत हो गई। वहीं गया जिले के इमामगंज क्षेत्र में स्थित लगुराही वाटरफॉल में रविवार को अचानक पानी का बहाव तेज हो गया, जिससे वहां मौजूद 6 लड़कियां बह गईं। हालांकि स्थानीय लोगों की सतर्कता से सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
हिमाचल प्रदेश में सोमवार सुबह मंडी-कुल्लू नेशनल हाईवे पर थलौट टनल के पास भूस्खलन हो गया, जिससे टनल के अंदर कई वाहन फंस गए और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। राज्य में लगातार हो रही बारिश के चलते मंडी सहित चार जिलों में आज स्कूल बंद कर दिए गए हैं। जूनी और ब्यास नदियां उफान पर हैं। हिमाचल में 20 जून से अब तक वर्षा से जुड़ी घटनाओं में 20 लोगों की मौत हो चुकी है।
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में बादल फटने से दो लोगों की मौत हुई है। मौसम विभाग ने देश के 31 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आज बारिश की चेतावनी दी है। उत्तराखंड और झारखंड में रेड अलर्ट जारी किया गया है, जहां लैंडस्लाइड की भी आशंका जताई गई है। मध्य प्रदेश, राजस्थान, ओडिशा, छत्तीसगढ़, और पश्चिम बंगाल समेत 12 राज्यों में तेज बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी है, जबकि 17 राज्यों में यलो अलर्ट दिया गया है।
भारी बारिश और आपदा के मद्देनजर प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से नदियों व झरनों के पास न जाने की अपील की है। राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।




