उमरिया। एक प्रेमी युगल ने रेलवे ट्रैक पर लेटकर मालगाड़ी से कटकर आत्महत्या कर ली। मृत्यु से पहले दोनों एक-दूसरे से लिपटे हुए थे, जिसका अनुमान ट्रैक पर पड़ी उनकी कटी हुई लाशों से लगाया गया है। दोनों पिछले चार दिनों से अपने घरों से लापता थे।
मृतकों की पहचान भरत कोल (21 वर्ष) पुत्र अशोक कोल और करिश्मा कोल (19 वर्ष) पुत्री हल्के कोल के रूप में हुई है। दोनों ग्राम खेरवा, ग्राम पंचायत टिकुरी, जनपद पंचायत मानपुर, जिला उमरिया के निवासी थे।
घटना के बाद पता चला कि दोनों पिछले दो-तीन दिनों से महरोई स्टेशन पर रात्रि में रुकते थे। कई लोगों ने उन्हें स्टेशन पर देखने का दावा किया है। दिन में वे आसपास चले जाते थे और रात में स्टेशन पर लौट आते थे।
अनुमान है कि पिछले तीन-चार दिनों से वे आत्महत्या का मन बना रहे थे, लेकिन साहस न जुटा पाने के कारण आसपास ही घूमते रहे। अंततः उन्होंने निर्णय लिया और जान दे दी।




