हॉन्ग कॉन्ग। ताई पो ज़िले में बुधवार दोपहर एक बड़े आवासीय परिसर में लगी भीषण आग ने शहर को दहला दिया। वांग फुक कोर्ट नामक इस परिसर में करीब 2,000 फ्लैट हैं, जहां अचानक लगी आग ने कुछ ही समय में कई ऊंची इमारतों को अपनी चपेट में ले लिया। घने काले धुएं के बादल दूर तक दिखाई दिए और क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। हादसे में अब तक 44 लोगों की मौत की खबर है, जबकि लगभग 300 लोग लापता बताए जा रहे हैं। राहत अभियान जारी है।
सरकारी अधिकारियों के अनुसार, आग दोपहर करीब 2 बजकर 51 मिनट पर लगी और देखते ही देखते 31 मंजिला टावरों की कई मंजिलों तक फैल गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फायर सर्विसेज विभाग ने इसे लेवल-5 अलार्म फायर घोषित किया, जो हॉन्ग कॉन्ग में आग की सर्वाधिक गंभीर श्रेणी है। मृतकों में 37 वर्षीय फायरफाइटर भी शामिल है, जिसे अधिकारियों ने कर्तव्यनिष्ठ और साहसी बताते हुए श्रद्धांजलि दी है।
प्रशासन का कहना है कि कई लोग अब भी इमारतों के भीतर फंसे हो सकते हैं, लेकिन सटीक संख्या बताना संभव नहीं है। धुएं, ऊंचाई और संकरी सीढ़ियों के कारण बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। पुलिस, दमकल और चिकित्सा दल घटनास्थल पर तैनात हैं और आसपास के इलाकों को सुरक्षा कारणों से सील कर दिया गया है।
सरकार ने हादसे की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं और प्रभावित परिवारों को सहायता उपलब्ध कराने की बात कही है।




