नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार, 9 जुलाई को अपनी पांच देशों की यात्रा के अंतिम चरण में नामीबिया पहुंचे। नामीबिया पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री की नामीबिया की तीसरी यात्रा है, जबकि पीएम मोदी की पहली यात्रा है। इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी को नामीबिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से नवाजा गया।
प्रधानमंत्री मोदी को ‘ऑर्डर ऑफ द मोस्ट एन्शिएंट वेल्वित्शिया मिराबिलिस’ से सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार उन्हें भारत और नामीबिया के द्विपक्षीय संबंधों को सशक्त करने, वैश्विक स्तर पर नेतृत्व और सतत विकास की दिशा में उनके योगदान के लिए दिया गया है।
क्या है यह सम्मान?
‘ऑर्डर ऑफ द मोस्ट एन्शिएंट वेल्वित्शिया मिराबिलिस’ नामीबिया का सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार है। यह पुरस्कार वर्ष 1995 में शुरू किया गया था, जो 1990 में नामीबिया की स्वतंत्रता के बाद लागू हुआ। इसका नाम वेल्वित्शिया मिराबिलिस नामक एक अद्वितीय और प्राचीन रेगिस्तानी पौधे के नाम पर रखा गया है, जो स्थायित्व, दीर्घायु और लचीलेपन का प्रतीक माना जाता है। यह पौधा नामीबिया की पहचान भी है और स्थानीय लोगों के जीवट स्वभाव को दर्शाता है।
यह पुरस्कार मोदी को उनके सशक्त नेतृत्व, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की साख बढ़ाने और नामीबिया के साथ मजबूत कूटनीतिक संबंधों के लिए दिया गया है। यह पीएम मोदी का 27वां अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार और इस विदेश यात्रा का चौथा सम्मान है।
प्रधानमंत्री की इस यात्रा से भारत और नामीबिया के संबंधों में नई ऊर्जा और विश्वास का संचार हुआ है, जो भविष्य में साझेदारी के नए आयाम खोलेगा।




