रायपुर। राजधानी के टाटीबंद इलाके में एक बुजुर्ग की घर में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। बुजुर्ग चिल्ला रहे थे, लेकिन गेट लॉक होने की वजह से कोई उनकी मदद नहीं कर पाया और वे जिंदा ही जल गए। मामला आमानाका थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक मृतक राजकुमार गुप्ता (70 साल) अपने परिवार के साथ रहते थे। शनिवार सुबह उनका बेटा जितेंद्र गुप्ता घर में ताला लगाकर काम पर निकल गया। घर के अंदर बुजुर्ग ने ठंड की वजह से रूम हीटर चलाया था, बताया जा रहा इसी में शार्ट सर्किट के बाद आग लगी।
चीख रहे थे बुजुर्ग, कोई मदद नहीं कर पाया
सुबह करीब 8 बजे मोहल्ले वालों ने घर में आग लगी देखी। बुजुर्ग चिल्ला रहे थे, लेकिन गेट लॉक होने की वजह से कोई उनकी मदद नहीं कर पाया और उनकी जिंदा जलकर मौत हो गई। मोहल्लेवालों ने जितेंद्र गुप्ता और फायर ब्रिगेड की टीम को सूचना दी, लेकिन जब तक फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची, तब तक बुजुर्ग की मौत हो चुकी थी।
परिवार गया मैहर दर्शन करने
आमानाका पुलिस के अनुसार, जिस दौरान घर में आग लगी, उस समय किशोर गुप्ता घर में अकेले थे। बेटा नौकरी और उनके घर के अन्य सदस्य मैहर दर्शन करने के लिए गए हुए थे। पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजा है। मामले में मर्ग कायम करके जांच की जा रही है।




