रायपुर। राजधानी रायपुर में इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। कबीर नगर थाना क्षेत्र में एक सौतेले पिता ने अपनी क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए ढाई साल के मासूम बच्चे को लगातार 15 दिनों तक पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने बच्चे की मां समेत दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
नाक और छाती पर रोज बरसाते थे मुक्के
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्चे प्रशांत सेन (2 साल 7 माह) की मौत को अननेचुरल डेथ बताया गया। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी आकिब खान हर दिन बच्चे की नाक और छाती पर जोर-जोर से मुक्के मारता था। यह अमानवीय यातना करीब 15 दिनों तक चलती रही, जिसके बाद मासूम ने दम तोड़ दिया।
Read Also- Exam Alert: व्यापम ने जारी की कठोर गाइडलाइन, नियम तोड़े तो परीक्षा से होंगे बाहर
लव मैरिज के बाद शुरू हुई हैवानियत
पुलिस पूछताछ में पता चला कि दुर्ग के मोहन नगर निवासी आकिब खान पिछले दो साल से रेशमी ताम्रकार के साथ रह रहा था। दोनों ने लव अफेयर के बाद शादी की थी और रायपुर के हीरापुर, सतनामी पारा में रहते थे।
रेशमी के पहले पति से तीन बच्चे थे। दो को उसने ननिहाल भेज दिया था, जबकि छोटा बच्चा प्रशांत वह साथ ले आई। आकिब अपने पिता के दबाव में बच्चे से चिढ़ने लगा था, क्योंकि उसके पिता ने कहा था कि रेशमी अकेली आएगी तो स्वीकार करेंगे, बच्चों के साथ नहीं।
बच्चे को ‘रास्ते से हटाने’ की घिनौनी साजिश
इस चिढ़ ने धीरे-धीरे हैवानियत का रूप ले लिया। आरोप है कि आकिब और रेशमी दोनों ही बच्चे को रास्ते से हटाना चाहते थे और इसी मंशा से उसकी लगातार पिटाई की जा रही थी।
Read Also- भाठागांव मेन रोड पर फिर फटा मेगा पाइपलाइन, 21 नवंबर की शाम आधा शहर रहेगा पानीविहीन
दोनों आरोपी गिरफ्तार
कबीर नगर पुलिस ने आकिब खान और रेशमी ताम्रकार को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। मामला बेहद संवेदनशील होने के चलते पुलिस विस्तृत जांच कर रही है।




