शिलांग/इंदौर। मेघालय के चर्चित हनीमून हत्याकांड में नया मोड़ सामने आया है। इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या मामले में मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी की कॉल डिटेल ने चौंका दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि सोनम ने वारदात से पहले मात्र 25 दिनों में संजय वर्मा नामक युवक को 112 बार कॉल किया था। इससे शक गहरा गया है कि हत्या की साजिश में राज कुशवाहा और तीन अन्य के अलावा और भी लोग शामिल हो सकते हैं। मेघालय पुलिस अब संजय वर्मा की भूमिका की गंभीरता से जांच कर रही है।
सोनम के वाराणसी से गाजीपुर तक के सफर में भी कई नए सुराग मिले हैं। गाजीपुर की युवती उजाला यादव ने बताया कि सोनम के साथ दो युवक थे, जिनमें से एक ने सफेद शर्ट पहनी थी और दोनों ने चेहरा ढक रखा था। सोनम ने उजाला से फोन मांगा और उसमें एक नंबर टाइप कर डिलीट कर दिया। इससे संकेत मिलता है कि सोनम अकेले नहीं थी और उसे किसी करीबी का साथ मिल रहा था।
क्या संजय वर्मा भी शामिल था?
गाजीपुर के काशी टी स्टॉल संचालक साहिल यादव ने बताया कि सोनम किसी वाहन से आई थी और सामान्य अवस्था में थी। यहीं से उसने अपने भाई को कॉल किया था। अब मेघालय पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि क्या वारदात के बाद सोनम को वाराणसी तक पहुंचाने में संजय वर्मा की कोई भूमिका थी या वही युवक था जिसे उजाला यादव ने देखा था।




