भोपाल। इंदौर में 15 सितंबर को हुए ट्रक हादसे में गंभीर रूप से घायल 17 वर्षीय संस्कृति वर्मा को बेहतर इलाज के लिए मुंबई एयरलिफ्ट किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर बच्ची को एयर एंबुलेंस के जरिए बॉम्बे हॉस्पिटल भेजा गया। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद संस्कृति के शरीर में इंफेक्शन हो गया था।
सीएम डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए लिखा कि संस्कृति वर्मा का इलाज अब मुंबई में कराया जाएगा। वह पहले इंदौर के भंडारी अस्पताल में भर्ती थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्पेशलाइज्ड सर्जरी के लिए उसे बॉम्बे हॉस्पिटल भेजा जा रहा है। साथ ही उन्होंने बाबा महाकाल से संस्कृति के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
गौरतलब है कि 15 सितंबर को इंदौर के एयरपोर्ट रोड स्थित शिक्षक नगर में एक बेकाबू ट्रक ने कई वाहनों और भीड़ को कुचल दिया था। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई थी। हादसे के दौरान ट्रक में आग भी लग गई थी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई थी। बचाव दल, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने तत्काल मोर्चा संभालकर राहत कार्य शुरू किया था।




