मुंबई। भारतीय शेयर बाजार मंगलवार के कारोबारी सत्र में सपाट बंद हुआ। दिन भर मिलाजुला कारोबार देखा गया। सेंसेक्स 42.64 अंक या 0.05 प्रतिशत की गिरावट के साथ 85,524.84 पर और निफ्टी 4.75 अंक की मामूली मजबूती के साथ 26,177.15 पर बंद हुआ।
बाजार को सहारा एफएमसीजी, मेटल और एनर्जी सेक्टर से मिला। निफ्टी मेटल और एनर्जी 0.54 प्रतिशत तथा निफ्टी एफएमसीजी 0.52 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुए। निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज 0.38 प्रतिशत और निफ्टी ऑटो 0.02 प्रतिशत ऊपर रहे।
वहीं निफ्टी आईटी 0.80 प्रतिशत, निफ्टी पीएसयू बैंक 0.34 प्रतिशत, निफ्टी फार्मा 0.23 प्रतिशत और निफ्टी रियल्टी 0.17 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए।
सेंसेक्स के प्रमुख गेनर्स में आईटीसी, अल्ट्राटेक सीमेंट, टाटा स्टील, एचडीएफसी बैंक, एनटीपीसी, पावर ग्रिड, कोटक महिंद्रा बैंक, एचसीएल टेक, एचयूएल, बजाज फाइनेंस, एमएंडएम और बीईएल शामिल रहे। लूजर्स में इन्फोसिस, भारती एयरटेल, सन फार्मा, टेक महिंद्रा, जोमैटो, एक्सिस बैंक, मारुति सुजुकी, ट्रेंट, टीसीएस, आईसीआईसीआई बैंक, एलएंडटी और टाइटन रहे।
एसबीआई सिक्योरिटीज के टेक्निकल और डेरिवेटिव्स रिसर्च प्रमुख सुदीप शाह ने कहा कि साप्ताहिक एक्सपायरी पर निफ्टी ने सीमित दायरे में कारोबार किया। आगे निफ्टी 26,420 तक जा सकता है, जबकि सपोर्ट स्तर 26,000 से 25,950 के बीच है।
हालांकि प्रमुख सूचकांक सपाट बंद हुए, लेकिन ब्रॉडर मार्केट में तेजी रही। बीएसई पर 2,292 शेयर बढ़त में, 1,892 शेयर गिरावट में और 181 शेयर अपरिवर्तित बंद हुए।
बाजार की शुरुआत सपाट रही। सुबह करीब 9:20 बजे निफ्टी 7.5 अंक गिरकर 26,164.20 पर और सेंसेक्स 50.96 अंक नीचे 85,516.52 पर कारोबार कर रहा था।




