मुंबई। सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन बुधवार को शेयर बाजार की शुरुआत मजबूती के साथ हुई। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी दोनों ग्रीन जोन में खुले। सेंसेक्स ने ओपनिंग के साथ ही 200 अंकों से अधिक की छलांग लगाई और 84,000 के करीब पहुंच गया। वहीं निफ्टी भी हरे निशान पर कारोबार करता नजर आया।
शादी का झांसा देकर लंबे समय तक किया दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
बीएसई का सेंसेक्स अपने पिछले बंद 83,697 के मुकाबले मामूली बढ़त के साथ 83,790 पर खुला, लेकिन कुछ ही मिनटों में यह 200 अंकों से अधिक बढ़कर 83,935 के स्तर पर पहुंच गया। इसी तरह एनएसई का निफ्टी भी अपने पिछले बंद 25,541.80 की तुलना में बढ़त के साथ 25,588 पर खुला और कुछ ही समय में 25,608 तक उछल गया।
शुरुआती कारोबार में आईटी और टेक सेक्टर के शेयरों ने बाजार को रफ्तार दी। विशेष रूप से Infosys और Tata Communications के शेयरों में जोरदार तेजी देखने को मिली, जिससे बाजार को बल मिला।
ग्लोबल संकेतों के मिश्रित रहने के बावजूद भारतीय बाजार में सकारात्मक रुख देखने को मिला। बाजार खुलते ही 229 कंपनियों के शेयरों ने तेजी दिखाई, जबकि करीब 100 कंपनियों के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा 20 कंपनियों के शेयर बिना किसी बदलाव के खुले।
मंगलवार को बाजार में सुस्ती छाई रही थी, लेकिन बुधवार को निवेशकों का मूड उत्साहित नजर आया। विश्लेषकों के अनुसार विदेशी निवेश, कॉरपोरेट नतीजों और वैश्विक बाजारों की दिशा इस तेजी के पीछे प्रमुख कारण हैं। फिलहाल बाजार में सकारात्मक माहौल बना हुआ है और निवेशक प्रमुख कंपनियों के नतीजों और वैश्विक संकेतों पर नजर बनाए हुए हैं। अगर यह रुझान बरकरार रहा तो आने वाले दिनों में सेंसेक्स और निफ्टी नए उच्चतम स्तर को छू सकते हैं।




