शहडोल: मध्य प्रदेश के शहडोल स्थित बिरसा मुंडा मेडिकल कॉलेज में लेबर रूम में इंटर्न छात्राओं द्वारा मारपीट और हंगामे का मामला सामने आया है। कॉलेज प्रबंधन ने इस घटना पर सख्त कार्रवाई करते हुए इंटर्न छात्रा शानू अग्रवाल और योगिता त्यागी को दो माह के लिए इंटर्नशिप से निलंबित कर दिया है। साथ ही, दोनों को हॉस्टल से दो माह के लिए निष्कासित किया गया और प्रत्येक पर 25,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
जानकारी के अनुसार, इंटर्न छात्राओं ने लेबर रूम में ड्यूटी पर मौजूद एक इंटर्न डॉक्टर के साथ मारपीट की थी। इस हंगामे से प्रसव के लिए भर्ती गर्भवती महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला और गंभीर हो गया। एक अन्य वीडियो में भी इन छात्राओं को अलग स्थान पर मारपीट करते देखा गया।
विवाद बढ़ने पर कॉलेज प्रबंधन ने जांच समिति गठित की। जांच में दोषी पाए जाने के बाद कॉलेज काउंसिलिंग ने निलंबन, निष्कासन और जुर्माने की कार्रवाई की। प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि भविष्य में अनुशासन भंग करने वाली ऐसी हरकतों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।




