नई दिल्ली
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वैश्विक व्यापार नीति में कड़ा रुख अपनाते हुए अब ब्राजील को भी टैरिफ के निशाने पर ले लिया है। बुधवार को ट्रंप ने घोषणा की कि ब्राजील से होने वाले सभी आयात पर 50 प्रतिशत तक का टैरिफ लगाया जाएगा। इससे पहले अमेरिका ने अल्जीरिया, इराक, लीबिया, श्रीलंका, ब्रुनेई, मोल्दोवा और फिलीपींस पर भी भारी टैरिफ का ऐलान किया था, जो 1 अगस्त से लागू होंगे।
कपूर खानदान की लाडली शनाया का डेब्यू, स्क्रीनिंग में इमोशनल पल साझा करते दिखे इब्राहिम और राशा
ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डा सिल्वा ने ट्रंप के इस फैसले पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि अगर अमेरिका ने ब्राजील के खिलाफ एकतरफा कदम उठाया तो ब्राजील भी जवाबी कार्रवाई करेगा। लूला ने साफ किया कि ब्राजील अपनी संप्रभुता से कोई समझौता नहीं करेगा और किसी विदेशी हस्तक्षेप को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
ट्रंप ने टैरिफ का कारण बताते हुए कहा कि यह निर्णय ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जायर बोलसोनारो के खिलाफ चल रही कानूनी कार्यवाही और अमेरिका के साथ असमान व्यापार व्यवहार को लेकर लिया गया है। बोलसोनारो इस समय तख्तापलट की साजिश के आरोप में अदालत में पेश हो रहे हैं।
ब्राजील की सरकार ने अमेरिका को चेताया कि वे ‘आर्थिक पारस्परिकता कानून’ के तहत जवाबी कदम उठाने से पीछे नहीं हटेंगे। राष्ट्रपति लूला ने सोशल मीडिया पर लिखा, “ब्राजील की अपनी न्यायिक प्रणाली है और किसी बाहरी दबाव का उस पर असर नहीं पड़ेगा। हम अपने देश में काम कर रही सभी कंपनियों से देश के कानूनों का पालन करवाएंगे।”
इस बयानबाजी से दोनों देशों के बीच व्यापार युद्ध की आशंका गहराती दिख रही है। आने वाले दिनों में अंतरराष्ट्रीय बाजारों और कूटनीतिक संबंधों पर इसका असर देखा जा सकता है।




