KHABARWAAD RAIPUR. रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया यानी आरपीआई ने लोकसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ बीजेपी को पूर्ण समर्थन देने का ऐलान किया है। इस संबंध में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद रामदास आठवले ने भाजपा को खत लिखकर भाजपा प्रत्याशियों को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की है।
आरपीआई राष्ट्रीय अध्यक्ष आठवले का पत्र लेकर प्रदेश के प्रभारी अभिषेक वर्मा ने शुक्रवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव से भेंट कर उन्हें ये पत्र सौंपा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव को लिखे पत्र में राज्यसभा सांसद रामदास आठवले ने कहा है कि भाजपा ने डॉ. बाबा साहेब अम्बेडकर की विचारधारा को अपनाया है। ऐसे में रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया एनडीए में मित्रवत पार्टी के रूप में साथ में रहेगी।
Read Also- पति संग मिलकर लेडी डॉन करती थी तस्करी, गिरफ्तारी से बचने पुलिस पर छोड़ा कुत्ता
आठवले ने खत में लिखा कि पीएम नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश प्रगति कर रहा है। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, और सबका प्रयास इस घोषणा को सभी जाति और धर्म के लोग स्वीकार कर रहे हैं। कांग्रेस के 70 सालों के शासनकाल की तुलना में प्रधानमंत्री मोदी का कार्यकाल स्वर्णकाल माना जा रहा है। इसलिए भाजपा को केंद्र में सरकार स्थापना करने के लिए रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया छत्तीसगढ़ राज्य की सभी लोकसभा सीटों पर अपना उम्मीदवार खड़ा नहीं करेगी।
बता दें कि रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया ने पिछले विधानसभा चुनाव 2023 में भी छत्तीसगढ़ की सभी 90 सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों को अपना पूर्ण समर्थन दिया था।





