रायगढ़ पुलिस अमले के ट्राफिक विभाग ने रविवार को यातायात नियमों का पालन नहीं कर रहे बाइक सवारों पर कार्यवाही की। इस कार्यवाही में बाइक सवारों के चालान काटे गए। उसके बाद फिर उन्हें उपहार स्वरुप हेलमेट दिया। इसलिए आज शहर और उसके आस – पास के इलाके में रायगढ़ ट्राफिक पुलिस की चर्चा करते हुए सराहना की जा रही है।
यह कार्यवाही नेशनल हाइवे 49 के ग्राम जोरापाली में हुई। इसमें डीएसपी हेड क्वार्टर अखिलेश कौशिक, ट्रैफिक डीएसपी रमेश चन्द्रा और कोतरारोड़ थाना प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी, थाना कोतरारोड़ और यातायात के जवान उपस्थित रहे थे।
अधिकारियों ने मौके पर मौजूद वाहन चालकों को हेलमेट पहनने की अनिवार्यता के साथ-साथ अन्य यातायात नियमों के पालन पर जोर दिया। उन्होंने वाहन चालकों को बताया कि हेलमेट न केवल कानून का पालन है, बल्कि यह जीवन की सुरक्षा का महत्वपूर्ण साधन भी है।




