रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में “सुशासन तिहार-2025” के तहत 5 मई से 31 मई तक वार्ड स्तर पर समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का समाधान करना और उनके आवेदनों की स्थिति की जानकारी देना है। रायपुर नगर निगम के सभी 70 वार्डों में इस आयोजन को सफल बनाने के लिए जोन कमिश्नरों को आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं।
Read Also- भारत निर्वाचन आयोग जल्द लॉन्च करेगा ECINET: चुनाव प्रक्रिया होगी पारदर्शी और तकनीकी रूप से सशक्त
रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि सुशासन तिहार के पहले चरण में 8 अप्रैल से 11 अप्रैल के बीच 2,91,000 से अधिक मांगे और 7,341 शिकायतें प्राप्त हुई थीं। अब अभियान के तीसरे चरण में इन आवेदनों के निराकरण की स्थिति की जानकारी नागरिकों को दी जाएगी। इस चरण में 25 दिन तक शहर के सभी 10 जोनों में समाधान शिविर लगाए जाएंगे।
शिविरों में आम नागरिक न केवल अपनी समस्याएं और मांगें रख सकेंगे, बल्कि पहले से दायर शिकायतों के समाधान की प्रगति की जानकारी भी प्राप्त कर सकेंगे। कलेक्टर डॉ. सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि वे इन शिविरों में पहुंचकर प्रशासन से सीधे संवाद करें और अपनी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कराएं।
Read Also- खून के रिश्ते को किया तार-तार: बेटे ने पिता को लोहे की रॉड से पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट
हर जोन में इस तिथि को लगेगा समाधान शिविर:
- जोन 1: 10 मई – दही हांडी मैदान, गुढ़ियारी
- जोन 2: 7 मई – शहीद स्मारक भवन, जीई रोड
- जोन 3: 13 मई – बीटीआई ग्राउंड, शंकर नगर
- जोन 4: 15 मई – सरदार बलवीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम
- जोन 5: 19 मई – डीडी नगर सेक्टर-2, सामुदायिक भवन
- जोन 6: 20 मई – शहीद संजय यादव उच्चतर माध्यमिक शाला, टिकरापारा
- जोन 7: 23 मई – पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, जीई रोड
- जोन 8: 27 मई – सामुदायिक भवन, टाटीबंध (भारत माता स्कूल के सामने)
- जोन 9: 28 मई – कम्युनिटी हॉल, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, जोरा
- जोन 10: 30 मई – सामुदायिक भवन, गुरुद्वारा, देवपुरी
नगर निगम आयुक्त ने सुशासन तिहार की सफलता के लिए सप्ताहांत पर भी अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। समाधान शिविरों के माध्यम से आम लोगों को पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा।




