रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले की जांच कर रही प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने शुक्रवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के भिलाई स्थित आवास पर छापा मारा। इस दौरान ईडी ने उनके बेटे चैतन्य बघेल को हिरासत में लिया और रायपुर स्थित विशेष अदालत में पेश किया। उन्हें विशेष न्यायाधीश डमरूधर चौहान की अदालत में पेश किया गया है।
ईडी की कार्रवाई की जानकारी मिलते ही कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भिलाई व रायपुर में जुटने लगे। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व सीएम भूपेश बघेल समेत कांग्रेस के सभी विधायक न्यायालय पहुंच गए।
Read Also- 10 साल से मेरे जीजाजी को निशाना बनाया जा रहा है: रॉबर्ट वाड्रा पर ED की चार्जशीट को लेकर भड़के राहुल गांधी
नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत का बयान
ईडी की छापेमारी को लेकर डॉ. चरणदास महंत ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “हमने तमनार में अडानी समूह द्वारा पेड़ काटने और पेसा कानून के उल्लंघन के विरोध में विधानसभा में स्थगन प्रस्ताव लाया था। सरकार अडानी समूह का सहयोग कर रही है। आज चैतन्य बघेल का जन्मदिन है और उसी दिन सुबह-सुबह ईडी की कार्रवाई हुई। यह विपक्ष को डराने की रणनीति है।”
महंत ने कहा कि विपक्ष इस कार्रवाई का विरोध कर रहा है और एकमत होकर यह संदेश दे रहा है कि वह किसी दबाव में नहीं झुकेगा। हम भारत के न्यायालय पर भरोसा रखते हैं और जितने भी केस होंगे, उसका सामना करेंगे।
Read Also- भूपेश बघेल के घर ED की रेड, पंजाब में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन: वड़िंग बोले- विपक्ष को डराने की कोशिश, बघेल ने कहा- मोदी-शाह का ‘तोहफा’ ताउम्र याद रहेगा
भूपेश बघेल का तीखा हमला
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि, जो भी अडानी के खिलाफ बोलता है, उसे निशाना बनाया जा रहा है। पहले कवासी लखमा, फिर देवेंद्र यादव, और अब मेरे बेटे को टारगेट किया गया है। यह विपक्ष को दबाने की रणनीति है। उन्होंने कहा, हम ना डरेंगे, ना दबेंगे, ना झुकेंगे और ना टूटेंगे। आज हमने इस कार्रवाई का बहिष्कार किया है।




