दुर्ग। जिले की जंजगीरी अंडा की सरकारी स्कूल में पदस्थ प्रिंसिपल साहब को उनके अजीबोगरीब कारनामों के लिए सस्पेंड कर दिया गया है। अजीबोगरीब इसलिए कहा जा रहा है, चूंकि उनकी अद्बुधता की फेहरिस्त बड़ी लंबी है।
प्रिंसपल साहेब पर स्कूल के लिए आए सोफा को घर ले जाने का आरोप है। कुछ विद्यार्थियों के पालकों ने यह तक बताया है कि स्कूल के टूटे हुए सीसीटीवी कैमरे को बदलने के लिए उनसे प्रिंसपल साहब ने पांच हज़ार मांगे थे। स्कूल में मीड डे मील का संचालन करने वाले स्व-सहायता समूह का कहना है कि उन्होंने कमीशन की मांग की थी।
शिकायतें दुर्ग संभाग के आयुक्त सत्यनारायण राठौर तक पहुंचीं। बीईओ से जांच कराई गई। जब सब पुख्ता हो गया तो आयुक्त ने तत्काल निलंबन का आदेश दिया। आदेश में साफ लिखा गया कि साहब की हरकतों से स्कूल की छवि पालकों के बीच में ख़राब हुई है। उनकी करतूतों से स्कूल का माहौल तनावपूर्ण हुआ, बच्चे भय और असहजता में रहे, और पढ़ाई पर गंभीर असर भी पड़ा।




