बिलासपुर। जिले में मंगलवार देर शाम को एक दिल दहला देने वाला रेल हादसा हुआ। कोरबा-बिलासपुर मेमू लोकल ट्रेन की मालगाड़ी से जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें अब तक 11 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 20 से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं। कई घायलों की हालत गंभीर है।
हादसे के बाद देर रात तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहा, जो बुधवार तड़के तक चला। राहत और बचाव दलों ने मौके पर पहुंचकर फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। क्षतिग्रस्त बोगियों को हटाने के बाद मुंबई-हावड़ा मुख्य रेल लाइन पर आवाजाही बहाल कर दी गई है। रेल प्रशासन के अनुसार अब अप, डाउन और मिडिल सभी लाइनें क्लियर कर दी गई हैं।
Read Also- रायपुर में बढ़ी ठंडक, तीन दिन के भीतर तापमान में गिरावट की संभावना
रेलवे और जिला प्रशासन ने बताया कि सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा, परिवहन व अन्य आवश्यक सहायता मुहैया कराई जा रही है।
हादसे के कारणों की जांच के लिए रेलवे ने उच्च स्तरीय जांच समिति गठित कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सिग्नल या संचार में गड़बड़ी इस दुर्घटना की वजह हो सकती है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।




