रायपुर। राजधानी रायपुर स्थित अंबेडकर अस्पताल (मेकाहारा) से शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई। अस्पताल के इमरजेंसी गेट से मात्र 10 फीट की दूरी पर नीले पॉलीथिन में लिपटा एक नवजात शिशु का शव मिलने से पूरे अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, सुबह अस्पताल के एक सफाईकर्मी ने पॉलीथिन में कुछ संदिग्ध देखा। जब उसने पास जाकर देखा तो अंदर नवजात का शव था। यह दृश्य देखकर उसने चीख मचाई, जिसके बाद मौके पर वार्ड बॉय और अन्य अस्पताल कर्मचारी दौड़ पड़े। घटना की सूचना तत्काल मौदहापारा थाना पुलिस को दी गई।
Read Also- MSME चेयरमैन बनकर ठग ने रचा बड़ा खेल: छत्तीसगढ़ का जिम्मा तुम्हारा कहकर दो युवकों से 35 लाख की ठगी, FIR दर्ज
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मरचुरी (पोस्टमार्टम हाउस) भेज दिया। फिलहाल पुलिस ने अस्पताल के CCTV फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है ताकि यह पता लगाया जा सके कि शव वहां किसने रखा। साथ ही अस्पताल के रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं ताकि यह स्पष्ट हो सके कि बच्चे का जन्म मेकाहारा में ही हुआ था या उसे बाहर से लाकर यहां फेंका गया है।
हालांकि इस पूरे मामले में अब तक अंबेडकर अस्पताल प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है। पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और आसपास के इलाकों में भी पूछताछ की जा रही है।




