बिलासपुर। जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम भड़हा रेलहा में एक किसान-किराना दुकानदार ने आबकारी विभाग की टीम पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के अनुसार, टीम ने शराब केस में फंसाने की धमकी देकर उससे 20 हजार रुपए की मांग की। जब उसने पैसे देने से इनकार किया तो गल्ले से 15 हजार रुपए निकाल लिए और उसकी 13 साल की बेटी को जबरन गाड़ी में बैठाकर ले गए। आरोप है कि बच्ची के साथ बेरहमी से मारपीट कर उसे सुनसान जंगल में छोड़ दिया गया।
जाने पूरा मामला
पीड़ित पदुम बर्मन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह खेती किसानी और किराना दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता है। 5 नवंबर की शाम करीब 5 बजे सफेद रंग की गाड़ी (क्रमांक CG 08 UA 0828) में आबकारी विभाग की टीम उसके घर पहुंची। टीम में 6 लोग सवार थे, जिनमें एक महिला अधिकारी भी शामिल थी।
पदुम बर्मन का कहना है कि टीम ने उसके घर और दुकान में जबरन प्रवेश किया और शराब बेचने का आरोप लगाकर गाली-गलौज की। उन्होंने बताया कि शराब बेचने का आरोप झूठा है और चाहे तो पूरी तलाशी ली जा सकती है। इसके बावजूद टीम के सदस्यों ने 20 हजार रुपए की मांग की और पैसे नहीं देने पर आबकारी एक्ट के तहत केस दर्ज करने की धमकी दी।
Read Also- धान खरीदी की तैयारियां पूरी: आज से किसानों को ‘तुंहर टोकन’ ऐप से मिलेगा ऑनलाइन टोकन, 15 नवंबर से होगी खरीदी की शुरुआत
गल्ले से निकाले 15 हजार रुपए, बेटी के साथ मारपीट का आरोप
जब दुकानदार ने पैसे देने से इंकार किया, तो टीम के सदस्यों ने उसकी दुकान के गल्ले से 15 हजार रुपए निकाल लिए। इसके बाद उन्होंने उसकी 13 साल की बेटी को गाड़ी में बैठा लिया और गांव से करीब दो किलोमीटर दूर जंगल में ले जाकर उसके साथ मारपीट की। बच्ची बाद में रोती-बिलखती बदहवास हालत में घर लौटी और परिजनों को घटना की जानकारी दी।
सीसीटीवी फुटेज भी सौंपा
परिजनों ने बताया कि उन्होंने पुलिस को वह सीसीटीवी फुटेज भी दिया है जिसमें आबकारी विभाग की टीम उनकी बेटी को गाड़ी में बैठाते हुए दिख रही है। इसके आधार पर उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
आबकारी विभाग का पक्ष
वहीं आबकारी विभाग के अधिकारियों ने आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि गांव में किराना दुकान की आड़ में अवैध शराब बिक्री की शिकायत मिली थी। जांच के लिए टीम भेजी गई थी। अब कार्रवाई से बचने के लिए दुकानदार और उसका परिवार झूठे आरोप लगा रहा है।
पुलिस जांच में जुटी
पचपेड़ी थाना प्रभारी राज सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत प्राप्त हुई है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आबकारी विभाग की टीम को भी पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया है।




