बिलासपुर। जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र से एक बड़ा धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। कटघोरा निवासी वसीम अली और उनकी पत्नी रेशमा रूबी ने दुबई की धार्मिक यात्रा कराने के नाम पर कई लोगों से लाखों रुपये वसूल लिए। शिकायतकर्ता शेख अकरम की रिपोर्ट पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ 35 लाख रुपये की ठगी का मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, वसीम अली और रेशमा रूबी तालापारा क्षेत्र में टूर एंड ट्रेवल्स का दफ्तर चलाते थे। वर्ष 2023 में उन्होंने शेख अकरम और उनके करीब 10 साथियों को दुबई की धार्मिक यात्रा का भरोसा दिलाया। यात्रा पैकेज के नाम पर दोनों ने सभी से बड़ी रकम वसूल की, लेकिन तय समय पर यात्रा नहीं कराई और न ही पैसे लौटाए।
Read Also- 7 महीने की गर्भवती प्रेमिका की निर्मम हत्या: प्रेमी ने बरसाईं 40 से ज्यादा लाठियाँ, खत्म हुई दो जिंदगियाँ
शेख अकरम ने बताया कि शुरू में दोनों आरोपी यात्रियों से लगातार संपर्क में रहे, लेकिन जैसे-जैसे यात्रा की तारीख करीब आई, उन्होंने बहाने बनाना शुरू कर दिए। बाद में दंपति ने फोन उठाना भी बंद कर दिया। जब पीड़ितों को ठगी का अहसास हुआ तो उन्होंने सिविल लाइन थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों ने सिर्फ एक-दो नहीं, बल्कि कई लोगों को धार्मिक यात्रा का झांसा देकर ठगा है। इस वजह से मामला जटिल हो गया है और जांच दल आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रहा है।
पुलिस का कहना है कि अन्य पीड़ितों की पहचान की जा रही है, ताकि कुल ठगी गई रकम और संबंधित सभी तथ्यों का पता लगाया जा सके। वहीं, शहर में इस घटना के बाद टूर एंड ट्रेवल्स कारोबारियों पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है।




