कोरबा। जिले के यातायात विभाग में पदस्थ एक आरक्षक पवन चंद्रा पर दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता की शिकायत पर सीएसईबी चौकी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। घटना के सामने आने के बाद से आरोपी पुलिसकर्मी फरार बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं। शिकायत में उसने बताया कि उसकी आरोपी आरक्षक से पहले से जान-पहचान थी। इसी पहचान का फायदा उठाते हुए आरोपी ने उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया। पीड़िता की रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 376 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
आरोपी पवन चंद्रा भी विवाहित है और बच्चे हैं। वह वर्तमान में पुलिस लाइन में रह रहा था और इससे पहले जिले के कई थाना-चौकियों में पदस्थ रह चुका है। घटना के समय वह यातायात विभाग में आरक्षक के पद पर कार्यरत था।
सीएसपी भूषण एक्का ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़िता की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है।




