Bihar Elections 2025: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बिहार के सीतामढ़ी में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पहले चरण के मतदान में विपक्षी दलों को करारा झटका लगा है। उन्होंने कहा कि बिहार के नौजवानों ने विकास और एनडीए को चुना है। पीएम मोदी ने कहा, पहले चरण के मतदान में जंगलराज वालों को 65 वोल्ट का झटका लगा है। पूरे राज्य में यही चर्चा है कि बिहार के युवाओं ने विकास का साथ चुना है।
प्रधानमंत्री ने राजद पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष के मंचों पर बच्चों को ‘रंगदार’ बनने की प्रेरणा दी जा रही है। उन्होंने कहा, बिहार का बच्चा अब रंगदार नहीं बन सकता। हमारा बच्चा इंजीनियर, डॉक्टर और वकील बनेगा। हम युवाओं को शिक्षा और रोजगार के अवसर देने में विश्वास रखते हैं।
Read Also- RBI ने Junio Payments को दी मंजूरी: अब बिना बैंक अकाउंट के भी कर सकेंगे डिजिटल पेमेंट
राहुल गांधी पर तंज कसते हुए पीएम मोदी ने कहा, एक समय था जब बिहार अन्य राज्यों से मछली मंगाता था, लेकिन एनडीए सरकार के दौरान बिहार इतना सशक्त हुआ कि अब यह राज्य अन्य राज्यों को मछली भेज रहा है। बड़े-बड़े लोग यहां की मछली देखने आ रहे हैं, पानी में डुबकी लगा रहे हैं। कुछ लोग बिहार चुनाव में डूबने की प्रैक्टिस कर रहे हैं।
बता दें कि राहुल गांधी हाल ही में 2 नवंबर को बेगूसराय में चुनाव प्रचार के दौरान एक तालाब में कूद गए थे और मछुआरों के साथ मछली पकड़ने का प्रयास किया था। इस दौरान उनके साथ वीआईपी प्रमुख और महागठबंधन के उपमुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार मुकेश सहनी भी मौजूद थे।




