अहमदाबाद। वडोदरा के वाड़ी इलाके में रहने वाले माहेश्वरी परिवार के घर दो दिन पहले तक शहनाइयां गूंज रही थीं। घर के बेटे भाविक माहेश्वरी की 10 जून को कोर्ट मैरिज हुई थी और पूरा परिवार शादी की खुशियों में डूबा हुआ था। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। शादी के महज दो दिन बाद, भाविक एअर इंडिया की फ्लाइट क्रैश में अपनी जान गंवा बैठे। अब उसी घर में जहां संगीत और हंसी की आवाजें थीं, गहरा सन्नाटा पसरा है।
भाविक माहेश्वरी बीते कई वर्षों से लंदन में एक मल्टीनेशनल कंपनी में काम कर रहे थे। हर साल वे 15 दिन के लिए भारत, वडोदरा स्थित अपने घर आया करते थे। इस बार जब वह घर लौटे तो परिवार ने उनसे आग्रह किया कि अब विवाह कर लें। भाविक की पहले से ही सगाई हो चुकी थी, इसलिए 10 जून को परिवार की सहमति से कोर्ट मैरिज हुई। शादी के बाद घर में जश्न का माहौल था।
शहीद ASP आकाश राव केस: SIA करेगी जांच, SP-ASP-TI और ASI की स्पेशल टीम करेगी IED ब्लास्ट में शामिल नक्सलियों की पहचान
विदाई के समय उनकी पत्नी ने मुस्कुराते हुए भाविक को विदा किया, लेकिन किसी ने कल्पना नहीं की थी कि वो मुस्कान अंतिम विदाई बन जाएगी। महज दो दिन बाद जब भाविक लंदन लौटने के लिए एअर इंडिया की फ्लाइट AI-171 में सवार हुए, उसी दौरान यह विमान अहमदाबाद से उड़ान भरने के तुरंत बाद क्रैश हो गया। हादसे में 241 लोगों की मौत हो गई, जिनमें भाविक भी शामिल थे।
जैसे ही हादसे की खबर आई, माहेश्वरी परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उनके पिता बेटे की मौत को स्वीकार करने से इनकार कर रहे हैं। दो दिन पहले तक जो लोग शादी की मिठाइयां बांट रहे थे, वे आज शोक-संवेदनाएं स्वीकार कर रहे हैं।
ऑपरेशन कगार की भारी मार: नक्सलियों ने प्रेस नोट जारी कर सेंट्रल कमेटी सदस्य समेत 7 शीर्ष माओवादियों के मारे जाने की पुष्टि की
भाविक की नवविवाहिता पत्नी गहरे सदमे में हैं, उन्होंने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया है। शादी के तुरंत बाद ऐसा हादसा होने से पूरा वाड़ी इलाका शोक में डूब गया है।
लोगों का कहना है कि यह नियति का सबसे क्रूर मजाक है — दो दिन पहले जिस बेटे को दुल्हा बनाकर विदा किया गया, आज उसकी चिता की तैयारी हो रही है।




