जबलपुर। मध्य प्रदेश के हवाई अड्डों से नई घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के शुरू होने की उम्मीदें तेज हो गई हैं। राज्य सरकार ने विमानन कंपनियों को नई उड़ानें शुरू करने के लिए आमंत्रित किया है और इसके लिए रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल (RFP) जारी कर दिया है।
दरअसल, नागरिक उपभोक्ता मार्गदर्शक मंच की ओर से 2024 में जनहित याचिका दायर कर जबलपुर एयरपोर्ट से एयर कनेक्टिविटी बढ़ाने की मांग की गई थी। इसी मामले में एमपी हाईकोर्ट ने पिछली सुनवाई में सरकार और विमानन कंपनियों को फटकार लगाई थी।
इसके बाद प्रदेश सरकार ने कोर्ट को जानकारी दी कि 24 अगस्त को निविदा जारी की गई है और 15 सितंबर तक विमानन कंपनियों को आवेदन जमा करने का समय दिया गया है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद कंपनियों को उड़ानें शुरू करने की अनुमति दी जाएगी।
एमपी हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस संजीव सचदेवा और जस्टिस विनय सराफ की खंडपीठ ने सरकार के इस जवाब को रिकॉर्ड पर लेते हुए अगली सुनवाई 9 सितंबर को तय की है।




