रायपुर। संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) छत्तीसगढ़ के घटक संगठनों की एक आवश्यक बैठक 19 फरवरी 2026, गुरुवार को दोपहर 1 बजे कलेक्टर गार्डन, रायपुर में आयोजित की जाएगी। बैठक में प्रदेशभर से किसान संगठनों के पदाधिकारी और प्रतिनिधि शामिल होंगे।
यह जानकारी भारतीय किसान यूनियन छत्तीसगढ़ के प्रदेश महासचिव एवं संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) छत्तीसगढ़ के संयोजक सदस्य तेजराम विद्रोही ने दी। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित भारत–अमेरिका ट्रेड डील के भारतीय किसानों पर संभावित दुष्प्रभाव को लेकर विस्तार से चर्चा की जाएगी। किसान संगठनों का मानना है कि इस प्रकार के अंतरराष्ट्रीय व्यापार समझौते का सीधा असर कृषि उपज की कीमतों और स्थानीय बाजार व्यवस्था पर पड़ सकता है।
बैठक में छत्तीसगढ़ के किसानों को धान पर 3286 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से अंतर राशि भुगतान के मुद्दे पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। किसान संगठनों का कहना है कि घोषित दर और वास्तविक भुगतान के बीच अंतर को लेकर किसानों में असंतोष है, जिसे लेकर स्पष्ट नीति और समयबद्ध भुगतान की मांग की जा रही है।
तेजराम विद्रोही के अनुसार, बैठक में आगामी रणनीति, सरकार के समक्ष रखी जाने वाली मांगें और संभावित आंदोलन की रूपरेखा पर निर्णय लिया जाएगा। किसानों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई है।




