मैहर। मैहर में एक बार फिर अनैतिक गतिविधियों में लिप्त एक होटल पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार को मैहर पुलिस ने बजरंग दल के जिला मंत्री श्याम त्रिपाठी के स्वामित्व वाले होटल पर छापेमारी की, जहां से कई लड़कियां और लड़के पकड़े गए। पकड़ी गई लड़कियों में कुछ नाबालिग भी शामिल हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, इस होटल को लेकर लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि यहां बाहरी युवकों के साथ लड़कियां संदिग्ध परिस्थितियों में आती हैं। कई बार बिना किसी पहचान पत्र के सिर्फ रजिस्टर में नाम दर्ज कर कमरा दिया जा रहा था।
Read Also- राजधानी में मांस और मछली की बिक्री पर सख्त प्रतिबंध, पकड़े जाने पर लाइसेंस होगा रद्द
इसकी पुष्टि के लिए थाना प्रभारी अनिमेष द्विवेदी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुरुवार को छापेमारी की, जिसमें आपत्तिजनक स्थिति में युवक-युवतियां पाए गए। बताया जा रहा है कि यह होटल पहले भी इसी प्रकार के मामलों में संलिप्त रह चुका है। उस समय भी होटल से लड़कियां पकड़ी गई थीं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई थी।
फिलहाल नाबालिग लड़कियों को पुलिस थाने ले गई है और उनसे पूछताछ की जा रही है। होटल संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और इस प्रकरण में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।




