बिलासपुर। शहर में एक अनोखी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने अपनी स्कूटी पर दूसरे व्यक्ति की बाइक का नंबर प्लेट लगाकर कई बार ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन किया। सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और उसकी तलाश जारी है।
अन्नपूर्णा कॉलोनी, गणेश नगर निवासी ज्योत्सना पाल ने बताया कि उन्होंने अपने बेटे अनुदीप पाल के नाम पर एक बाइक खरीदी थी। मार्च 2024 में उन्हें तीन सवारी चलाने के आरोप में एक चालान मिला। उन्होंने बिना ज्यादा जांच-पड़ताल किए जुर्माना भर दिया। लेकिन चालान की फोटो देखने पर उन्हें हैरानी हुई, उनकी बाइक का नंबर एक स्कूटी पर दर्ज दिखा।
Read Also- राहुल गांधी के बयान पर बिफरे विधायक पुरंदर मिश्रा, कहा – भगवान जगन्नाथ को चुनौती देना भारी पड़ेगा
लगातार चालानों से बढ़ी चिंता, पहुंचे आईटीएमएस कार्यालय
मार्च के बाद भी नवंबर 2024 से जून 2025 तक लगातार चालान आते रहे। बार-बार जुर्माना भरने की स्थिति से परेशान होकर ज्योत्सना पाल और उनका बेटा अनुदीप, बिलासपुर स्मार्ट सिटी के आईटीएमएस (इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम) कार्यालय पहुंचे। वहां अधिकारियों ने ट्रैफिक कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ।
जांच में सामने आया कि अमेरी क्षेत्र का निवासी सुमीत बंजारे नामक युवक अपनी स्कूटी पर अनुदीप की बाइक का नंबर प्लेट लगाकर सड़कों पर घूम रहा था और ट्रैफिक सिग्नल तोड़ रहा था। यही कारण था कि चालान लगातार अनुदीप पाल के नाम पर जारी हो रहे थे।
Read Also- ‘पाजी द पिंड’ ढाबे का जायका लेने पहुंचे थे नवयुवक, बटर चिकन के साथ मंगाई थी तंदूरी रोटी…. कॉकरोच निकलने पर सुनाई खरी-खोटी
सीसीटीवी फुटेज से मिली पुष्टि, आरोपी फरार
आईटीएमएस द्वारा उपलब्ध कराए गए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। सुमीत बंजारे ने जानबूझकर गलत नंबर प्लेट का इस्तेमाल कर ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन किया और जिम्मेदारी किसी और पर डाल दी। सिविल लाइन थाना पुलिस ने इस पूरे मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास शुरू कर दिए हैं।




