छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के देहात थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की को पहले उसके रिश्ते के चाचा ने शारीरिक शोषण का शिकार बनाया, फिर पड़ोस में रहने वाले भैया-भाभी ने उसे 80 हजार रुपये में एक व्यक्ति को बेच दिया। पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए नाबालिग को दमोह जिले से बरामद किया और मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
तीन दिन के बहाने भेजी गई बेटी, फिर नहीं लौटी
15 जुलाई को गुरैया गांव निवासी सरला यादव ने देहात थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 5 जुलाई को उसके पड़ोसी रीतेश यादव और उसकी पत्नी निधि यादव उसके घर आए और बोले कि उन्हें खाना बनवाने के लिए लड़की चाहिए। उन्होंने सरला से उसकी नाबालिग बेटी को तीन दिन के लिए भेजने की बात कही। सरला ने भरोसे में आकर बेटी को उनके साथ भेज दिया, लेकिन कई दिन बीतने के बाद भी जब बेटी वापस नहीं आई तो उसने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
Read Also- छात्र-छात्राओं के स्कूल आने-जाने में ई-रिक्शा पर पाबंदी, उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई
दमोह से बरामद हुई नाबालिग, मेडिकल में हुआ गर्भवती होने का खुलासा
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की और नाबालिग को दमोह जिले के बटियागढ़ थाना अंतर्गत नीमखेड़ा गांव से बरामद किया। जांच में सामने आया कि रीतेश यादव और उसकी पत्नी ने पीड़िता को 80 हजार रुपये में कमलेश लोधी नामक युवक को बेच दिया था।
बच्ची को सुरक्षित बरामद करने के बाद जब उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया, तो पता चला कि वह ढाई माह की गर्भवती है। यह जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीर अपराध की श्रेणी में लेते हुए आगे की पूछताछ शुरू की।
चाचा करता रहा एक साल से दैहिक शोषण
पुलिस पूछताछ में पीड़िता ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि उसकी गर्भावस्था का कारण दमोह निवासी युवक नहीं, बल्कि उसका रिश्ते का चाचा है। पीड़िता के अनुसार, मोहल्ले में रहने वाला उमरेठ के पाठा गांव निवासी 25 वर्षीय राजा यादव पिछले एक साल से उसका शारीरिक शोषण कर रहा था। डर और समाज के भय से वह यह बात किसी को बता नहीं सकी।
Read Also- पुलिस आरक्षक की गुंडागर्दी: बर्थडे पार्टी मना रहे युवकों से की मारपीट, होटल में किया उत्पात
चार आरोपी गिरफ्तार, चाचा को भेजा गया जेल
पुलिस ने इस पूरे प्रकरण में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें रीतेश यादव, उसकी पत्नी निधि यादव, कमलेश लोधी और मुख्य आरोपी राजा यादव शामिल हैं। राजा यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(1), 64(2)(एम), 64(2)(एफ) और पॉक्सो एक्ट की धाराओं 51 और 6 के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
जांच जारी, न्याय की प्रक्रिया में जुटी पुलिस
देहात थाना प्रभारी गोविंद सिंह राजपूत ने बताया कि मामले की गहनता से विवेचना की जा रही है। पीड़िता को मेडिकल और मानसिक सहायता प्रदान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी।




