रायपुर। राजधानी रायपुर में सोमवार सुबह बैडमिंटन खेलते समय एक कारोबारी की हार्ट अटैक से मौत हो गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वे खेल के दौरान अचानक कोर्ट पर गिरते दिखाई दे रहे हैं। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान ईदगाह भाठा निवासी अमृत बजाज के रूप में हुई है। परिवार के अनुसार वे शुगर के मरीज थे, लेकिन नियमित रूप से बैडमिंटन और क्रिकेट खेलते थे। सोमवार को भी वे रोज की तरह दोस्तों के साथ बैडमिंटन खेलने पहुंचे थे। खेल के दौरान अचानक वे गिर पड़े। साथियों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने हार्ट अटैक से मौत की पुष्टि की। 16 फरवरी को मरवाड़ी मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया।
यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब देशभर में हृदय रोगों के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) और विभिन्न स्वास्थ्य रिपोर्टों के अनुसार, भारत में हर वर्ष करीब 28 से 30 लाख लोगों की मौत हृदय संबंधी बीमारियों से होती है। देश में कुल मौतों का लगभग 28 प्रतिशत हिस्सा हृदय रोगों से जुड़ा है। विशेषज्ञों का कहना है कि 30 से 50 वर्ष आयु वर्ग में हार्ट अटैक के मामलों में वृद्धि चिंताजनक है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार, दुनिया भर में हर साल लगभग 2 करोड़ लोगों की मौत हृदय रोगों से होती है, जिनमें अधिकांश मामले हार्ट अटैक और स्ट्रोक के होते हैं।
छत्तीसगढ़ में भी उच्च रक्तचाप और मधुमेह के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़े बताते हैं कि शहरी क्षेत्रों में कम उम्र में हृदय रोग के मामले बढ़े हैं। चिकित्सकों के मुताबिक, अनियमित जीवनशैली, तनाव, डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर और समय पर जांच न कराना प्रमुख कारण हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि 40 वर्ष की आयु के बाद नियमित हार्ट जांच कराना आवश्यक है, विशेषकर उन लोगों के लिए जो मधुमेह या उच्च रक्तचाप से पीड़ित हैं। रायपुर की यह घटना एक बार फिर इस गंभीर स्वास्थ्य चुनौती की ओर ध्यान दिलाती है।




