भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में डीआरआई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 92 करोड़ रुपये की 61.2 किलो मेफेड्रोन (MD ड्रग्स) बरामद की है। यह ड्रग्स गुप्त तरीके से संचालित अवैध फैक्ट्री से जब्त की गई। कार्रवाई में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
डीआरआई ने ऑपरेशन “क्रिस्टल ब्रेक” के तहत यह कार्रवाई की। भोपाल के जगदीशपुर (इस्लामनगर) इलाके में फैक्ट्री को बेहद गुप्त तरीके से संचालित किया जा रहा था। चारों ओर से ढककर बनाए गए इस कारखाने में मेफेड्रोन बनाने वाले केमिस्ट सहित दो लोगों को रंगे हाथों पकड़ा गया।
छापेमारी में 541.53 किलो केमिकल और कच्चा माल भी बरामद किया गया।
अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश
इस ऑपरेशन में डीआरआई के साथ सूरत और मुंबई पुलिस भी शामिल रही। मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात और यूपी में एक साथ छापेमारी की गई।
- यूपी के बस्ती से कार्टेल का एक अहम सदस्य पकड़ा गया, जो मुंबई से भोपाल तक कच्चे माल की सप्लाई करता था।
- मुंबई में दो सप्लायर और ट्रांसपोर्टेशन संभालने वाला एक व्यक्ति गिरफ्तार हुआ।
- सूरत से हवाला नेटवर्क संभालने वाला आरोपी भी पकड़ा गया।
गिरफ्तार सभी आरोपी कथित तौर पर विदेशी ड्रग सरगना के इशारे पर काम कर रहे थे।




