भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार, 26 अगस्त को दोपहर 12 बजे रवीन्द्र भवन, भोपाल में आयोजित एक विशेष समारोह में 1060 कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगे। ये नियुक्तियां राज्य की विद्युत कंपनियों में विभिन्न पदों के लिए की जा रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री का अभिनंदन भी किया जाएगा, क्योंकि हाल ही में उन्होंने विद्युत कंपनियों में 51,711 नए स्थायी पदों की स्वीकृति दी है। यह भर्ती भाजपा के संकल्प-पत्र के आधार पर की गई है।
इन नियुक्तियों में बिजली इंजीनियर, सिविल इंजीनियर, लेखाधिकारी, आईटी प्रबंधक, सहायक विधि अधिकारी, लाइन अटेंडेंट, सिक्योरिटी ऑफिसर, पावर प्लांट फार्मासिस्ट, केमिस्ट, एएनएम, ट्रेसर, स्टाफ नर्स, लैब टेक्निशियन, रेडियोग्राफर, ईसीजी टेक्निशियन, पब्लिसिटी ऑफिसर और मेडिकल ऑफिसर सहित अनेक पद शामिल हैं।
सरकार का मानना है कि यह कदम न केवल रोजगार सृजन की दिशा में बड़ी पहल है, बल्कि प्रदेश के ऊर्जा क्षेत्र को सुदृढ़ करने में भी अहम भूमिका निभाएगा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कर्मचारी और अधिकारी मौजूद रहेंगे।




