इंदौर। देवी अहिल्याबाई होलकर विमानतल पर लगातार तीसरे दिन उड़ान सेवाएं बाधित रहीं। शुक्रवार को इंडिगो एयरलाइंस ने 10 उड़ानें रद्द करने की घोषणा की। हालांकि यह संख्या पिछले दो दिनों की तुलना में कम है, लेकिन जिन यात्रियों की उड़ानें रद्द हुई हैं, उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सूत्रों का कहना है कि जिन रूटों पर उड़ानें पिछले कुछ दिनों से निरस्त हैं, वे अगले एक से दो सप्ताह तक प्रभावित रह सकती हैं। इसकी मुख्य वजह ऑपरेशनल शेड्यूल में बदलाव और विमान उपलब्धता की समस्या बताई जा रही है।
उधर, भोपाल एयरपोर्ट प्रबंधन ने जानकारी दी है कि शुक्रवार को भोपाल से कोई उड़ान रद्द नहीं हुई। सभी सेवाएं सामान्य रूप से संचालित की जा रही हैं।
इंदौर एयरपोर्ट से प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्रू की कमी के चलते दिसंबर की शुरुआत से इंडिगो कई उड़ानें निरस्त कर रही है। गुरुवार को उड़ानें कम संख्या में रद्द हुई थीं, लेकिन शुक्रवार को फिर 10 उड़ानें रद्द रहीं। आज भी समान संख्या में उड़ानें प्रभावित हैं।
रद्द उड़ानों में इंदौर से दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद और बेंगलुरु जाने वाली सेवाएं शामिल हैं। कंपनी अधिकारियों ने बताया कि उड़ानें रद्द होने पर यात्रियों को तुरंत टिकट राशि वापस की जा रही है और उन्हें अन्य उपलब्ध उड़ानों में समायोजित करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि यात्रियों को न्यूनतम असुविधा हो।




