जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले में जालसाजों ने एलन मस्क की स्टारलिंक सैटेलाइट कंपनी के नाम पर बड़ी ठगी को अंजाम दिया है। ठगों ने फर्जी वित्तीय कंपनी बनाकर लोगों को पैसा दोगुना करने का लालच दिया और 300 से अधिक निवेशकों से करोड़ों रुपये हड़प लिए।
ऐसे किया लोगों को शिकार
शिकायतकर्ता विक्रम खरे ने बताया कि जालसाजों ने “स्टार लिंक फाइनेंशियल कंपनी” के नाम से ऑनलाइन प्लेटफॉर्म बनाया था। शुरुआत में छोटे अमाउंट को डबल कर निवेशकों का विश्वास जीता गया। इसके बाद लोगों ने बड़ी रकम इन्वेस्ट करना शुरू कर दी। लेकिन मोटी रकम जमा होने के बाद कंपनी का सर्वर अचानक बंद कर दिया गया और ठग रफूचक्कर हो गए।
पीड़ित पहुंचे साइबर सेल
सैकड़ों पीड़ित निवेशक अब न्याय की गुहार लेकर साइबर सेल पहुंचे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि साइबर ठगी के इस नए तरीके में निवेशकों को हाई रिटर्न का झांसा देकर फंसाया गया है।




