नई दिल्ली। पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव के बीच एक अहम घटनाक्रम सामने आया है। दोनों देशों की नौसेनाएं 11-12 अगस्त को अरब सागर में अलग-अलग लेकिन नजदीकी स्थानों पर युद्धाभ्यास करेंगी।
मिडिया रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय नौसेना के युद्धपोत गुजरात के पोरबंदर और ओखा तट पर अभ्यास करेंगे। वहीं, पाकिस्तानी नौसेना ने अपने समुद्री क्षेत्र में अभ्यास के लिए एयरमैन को नोटिस (NOTAM) जारी किया है। पाकिस्तान का अभ्यास भारतीय स्थान से महज 60 समुद्री मील की दूरी पर होगा। हालांकि दोनों देशों के समुद्री अभ्यास नियमित हैं, लेकिन इस बार तारीख और स्थान की निकटता ने ध्यान आकर्षित किया है।
Read Also- ट्रंप टैरिफ विवाद पर शरद पवार का पीएम मोदी को समर्थन, देशहित में किया बड़ा ऐलान
पहलगाम हमले से शुरू हुई कार्रवाई
22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम के पास बैसरन घाटी में हुए आतंकी हमले में 26 पर्यटकों की मौत हुई थी। इस हमले की जिम्मेदारी लश्कर-ए-तैयबा के प्रॉक्सी संगठन ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ (TRF) ने ली थी। इसके जवाब में भारत ने 7-8 मई की मध्यरात्रि को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ लॉन्च किया।
इस ऑपरेशन में भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान में 9 आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर 100 से अधिक आतंकियों को मार गिराया। पाकिस्तान के पलटवार को नाकाम करते हुए भारत ने उसके कई एयरबेस को भी नष्ट किया।
Read Also- राष्ट्रपति पुतिन इस साल के अंत में भारत दौरे पर आएंगे, NSA अजित डोभाल ने की पुष्टि
S-400 से पाकिस्तान के 6 विमान मार गिराए
हाल ही में भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह ने खुलासा किया कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत ने पाकिस्तान के 6 विमान मार गिराए थे। इनमें 5 लड़ाकू विमान और एक एयरबॉर्न अर्ली वार्निंग एंड कंट्रोल (AEW&C) विमान शामिल था। ये सभी विमान S-400 एयर डिफेंस सिस्टम से लगभग 300 किमी की दूरी से निशाना बनाए गए, जिसे अब तक का सबसे बड़ा सतह-से-आसमान मारक हमला बताया गया।




