इस्लामाबाद। पाकिस्तान में पेशावर से क्वेटा जा रही जाफर एक्सप्रेस ट्रेन पर एक बार फिर जानलेवा हमला हुआ है। सिंध प्रांत के जैकबाबाद में मवेशी बाजार के पास रेलवे ट्रैक पर बुधवार सुबह एक जोरदार विस्फोट हुआ, जिससे ट्रेन की छह बोगियां पटरी से उतर गईं। हादसे में कई यात्रियों को चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। धमाके के तुरंत बाद मौके पर पुलिस और बचाव दल पहुंचे। इलाके को चारों ओर से घेरकर जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि धमाका आईईडी से हुआ या किसी अन्य विस्फोटक उपकरण का उपयोग किया गया था। हादसे के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और डर का माहौल बन गया।
भगवान चित्रगुप्त को लेकर कथावाचक प्रदीप मिश्रा की टिप्पणी पर बवाल, कायस्थ समाज ने जताई नाराजगी
गौरतलब है कि मार्च में बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने बलूचिस्तान में जाफर एक्सप्रेस पर हमला कर उसे हाईजैक कर लिया था। इस हमले में 30 यात्रियों की मौत हो गई थी और कई घंटों तक ट्रेन बंधक रही थी। हाल ही में 13 जून को भी जाफर एक्सप्रेस तक्षशिला के पास तकनीकी खराबी के चलते पटरी से उतर गई थी। हालांकि इस ताजा धमाके की जिम्मेदारी अभी तक किसी संगठन ने नहीं ली है, लेकिन सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि इसके पीछे एक बार फिर BLA का हाथ हो सकता है। पिछले कुछ महीनों में यह ट्रेन कई बार निशाना बन चुकी है, जिससे यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठ खड़े हुए हैं।




