रायपुर। छत्तीसगढ़ के राजधानी में छत्तीसगढ़ क्लब के पास सोमवार सुबह एक हृदयविदारक सड़क हादसा हुआ। स्कूल जा रहे भाई-बहन को पीछे से तेज रफ्तार पुलिस टो वैन ने टक्कर मार दी। हादसे में आठ वर्षीय छात्र अंश आठवानी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों बच्चे रोज की तरह सुबह स्कूल के लिए निकले थे। इसी दौरान पीछे से आ रही पुलिस टो वैन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अंश ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उसकी बहन सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल छात्रा को एंबुलेंस से डॉ. भीमराव आंबेडकर अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
वहीं हादसे के बाद टो वैन का चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना से क्षेत्र में भारी आक्रोश है। सूचना पर पुलिस लाइन एसीपी रमाकांत साहू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि यह पुलिस का टो वाहन है और चालक की पहचान की जा रही है। फरार चालक को जल्द गिरफ्तार करने का दावा पुलिस ने किया है।




