भोपाल। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए संभावित दावेदार के रूप में तेजी से उभर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत से मुलाकात की, जिसने राजनीतिक हलकों में नए कयासों को जन्म दिया है।
सूत्रों के अनुसार, दोनों नेताओं के बीच यह मुलाकात बंद कमरे में करीब 45 मिनट तक चली। हालांकि बातचीत का विवरण सार्वजनिक नहीं किया गया है, लेकिन पार्टी के अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि यह चर्चा भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव को लेकर रही।
शिवराज संघ की पसंद में शामिल
शिवराज सिंह चौहान लंबे समय से संघ के करीबी माने जाते हैं और उन्हें संगठन की पसंदीदा सूची में शामिल किया जाता है। यही वजह है कि उनकी मोहन भागवत से हुई इस बैठक को विशेष महत्व दिया जा रहा है। लगभग दो साल बाद हुई इस मुलाकात ने राजनीतिक गलियारों में अटकलों को और हवा दी है।
उपराष्ट्रपति चुनाव के बाद अध्यक्ष पद का चुनाव
भाजपा में राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव उपराष्ट्रपति पद के चुनाव (9 सितंबर) के तुरंत बाद होने की संभावना जताई जा रही है। पार्टी नेतृत्व और संघ की कोशिश है कि यह प्रक्रिया 28 सितंबर से पहले पूरी कर ली जाए। इसी संदर्भ में शिवराज सिंह चौहान का नाम भी प्रमुख दावेदारों में उभरकर सामने आ रहा है।




