भोपाल। मध्य प्रदेश इन दिनों युवतियों के रहस्यमयी ढंग से गायब होने की घटनाओं से परेशान है। कटनी की अर्चना तिवारी के नेपाल बॉर्डर से मिलने के बाद अब रायसेन जिले की निकिता लोधी को पंजाब के संगरूर से बरामद किया गया है। पुलिस ने उसे वहां से दस्तयाब किया, जहां वह हार्वेस्टर चलाने वाले युवक के साथ शादी कर चुकी थी।
18 अगस्त से लापता थी निकिता
रायसेन जिले के गैरतगंज के टेकापार निवासी निकिता लोधी 18 अगस्त को अचानक लापता हो गई थी। वह कॉलेज की फीस जमा करने कंप्यूटर शॉप गई थी लेकिन घर नहीं लौटी। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में तलाश की लेकिन नतीजा नहीं निकला। अंततः 19 अगस्त को गैरतगंज थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
परिजनों की गुहार और पुलिस की तलाश
निकिता के परिजन 8 दिन तक परेशान रहे। उन्होंने भोपाल और रायसेन के अलावा डीजीपी और मुख्यमंत्री मोहन यादव से गुहार लगाई कि पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगालकर जांच शुरू की।
पंजाब से मिली लोकेशन
जांच में निकिता की लोकेशन कभी पंजाब तो कभी हैदराबाद में बताई जा रही थी, जिससे परिजनों की चिंता और बढ़ गई। आखिरकार पुलिस को पंजाब के संगरूर में उसकी सटीक लोकेशन मिली और गुरुवार शाम उसे वहां से बरामद किया गया।




