मुंबई
महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर हलचल मच गई है। शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत द्वारा शुक्रवार को एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए जाने के बाद बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। वीडियो में कथित तौर पर एकनाथ शिंदे गुट के विधायक और राज्य के सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाट अपने घर में बड़ी मात्रा में नकदी के साथ दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो के सामने आने से राजनीतिक घमासान और तेज हो गया है, खासकर ऐसे समय में जब एक दिन पहले ही शिरसाट को आयकर विभाग का नोटिस मिला है।
वीडियो में संजय शिरसाट को एक बेडरूम में बैठे हुए देखा जा सकता है। वह सिगरेट पी रहे हैं और उनके पास नकदी से भरे दो सूटकेस रखे हैं। बगल में उनका पालतू कुत्ता भी नजर आता है। संजय राउत ने इस वीडियो को एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से इस पर संज्ञान लेने की मांग की।
राउत ने लिखा, “यह रोचक वीडियो माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को देखना चाहिए। देश में क्या हो रहा है? महाराष्ट्र के एक मंत्री का यह वीडियो बहुत कुछ कहता है।”
लॉर्ड्स टेस्ट में ऋषभ पंत चोटिल, ध्रुव जुरेल ने संभाली विकेटकीपिंग, बल्लेबाज़ी को लेकर असमंजस
इस वीडियो के बाद भाजपा और शिवसेना शिंदे गुट पर विपक्ष के हमले तेज हो गए हैं। हालांकि, अभी तक इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इसे लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है।
इस बीच, संजय शिरसाट ने पीटीआई से बात करते हुए कहा, “कुछ लोगों ने मेरे खिलाफ शिकायत की थी, जिस पर आयकर विभाग ने नोटिस भेजा है। हमने जवाब देने के लिए समय मांगा है और विभाग के साथ पूरा सहयोग करेंगे।”
वीडियो सामने आने के बाद विपक्ष ने इसे “राजनीतिक भ्रष्टाचार का खुला उदाहरण” बताया है, जबकि सत्तारूढ़ पक्ष ने अभी तक इस पर कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की मांग भी उठने लगी है।




