बिलासपुर । जिले के मस्तूरी क्षेत्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां हाल ही में विवाह बंधन में बंधे एक युवक को उसकी पत्नी ने बीच रास्ते में छोड़कर प्रेमी के साथ फरार हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक अंकित महिलांगे की शादी महज 20 दिन पहले रंजिता जोशी नामक युवती से हुई थी। विवाह के बाद रंजिता परंपरा अनुसार कुछ दिन के लिए मायके चली गई थी। कुछ दिन बाद जब अंकित अपनी पत्नी को ससुराल से विदा कराकर वापस ला रहा था, तभी यह हैरान कर देने वाली घटना घटी।
Read Also- Axiom-4 Mission: कुछ ही देर में अंतरिक्ष के लिए रवाना होंगे शुभांशु शुक्ला, जानिए कब होगी डॉकिंग
बताया जा रहा है कि जब दोनों पति-पत्नी बाइक से घर लौट रहे थे, तभी तोरवा थाना क्षेत्र के अंतर्गत रास्ते में तीन अज्ञात युवकों ने उन्हें रोका और अंकित पर हमला कर दिया। हमले से पहले ही रंजिता अचानक बाइक से उतर गई और उनमें से एक युवक के पीछे जाकर बैठ गई। हैरानी की बात यह रही कि उसने एक बार भी पीछे मुड़कर अपने पति की ओर नहीं देखा।
अंकित ने जब खुद को संभाला, तो देखा कि उसकी पत्नी पहले से हमलावर युवक के साथ जाने को तैयार थी। रंजिता ने खुद उसके कंधे पर हाथ रखा और युवक के साथ वहां से फरार हो गई। इस घटना से सदमे में आए पीड़ित युवक ने तत्काल तोरवा थाने पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी।
Read Also- भांजी से दुष्कर्म करने वाले मामा को न्यायालय ने सुनाई 10 साल की सश्रम कारावास की सजा
पुलिस ने युवक की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह घटना पूर्व नियोजित थी या नहीं।
स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर चर्चा जोरों पर है। लोग इसे हाल ही में चर्चा में आए सोनम रघुवंशी केस से जोड़कर देख रहे हैं, जिसमें विवाह के बाद पत्नी द्वारा धोखा देकर बड़ी साजिश रची गई थी। हालांकि इस मामले में कोई हत्या नहीं हुई है, लेकिन पत्नी द्वारा पति को यूं बीच रास्ते में छोड़कर भाग जाना चिंता का विषय बन गया है।




