कोरबा। जिले के बालको एल्यूमिनियम प्लांट में शुक्रवार अलसुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया। प्लांट परिसर में स्थापित करीब 20 साल पुराना इलेक्ट्रोस्टैटिक प्रेसिपिटेटर (ESP) संयंत्र अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय पास में कोई मौजूद नहीं था, जिसके चलते जनहानि नहीं हुई। हालांकि घटना ने एक बार फिर उद्योगों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिन्ह खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक, इस संयंत्र का निर्माण वर्ष 2004-05 में सेपको कंपनी ने किया था। घटना के बाद प्लांट में हड़कंप मच गया। कर्मचारियों का आरोप है कि सुरक्षा मानकों की लगातार अनदेखी की जा रही है और श्रम विभाग उद्योगपतियों के दबाव में केवल औपचारिक कार्रवाई कर अपना पल्ला झाड़ लेता है।
Read Also- दशहरे पर शराबी युवक का उत्पात, दो युवकों को बेल्ट से पीटा, वीडियो वायरल
गौरतलब है कि बालको प्लांट पहले भी बड़े हादसे का गवाह रह चुका है। वर्ष 2009 में यहां निर्माणाधीन चिमनी गिरने से 45 मजदूरों की दर्दनाक मौत हुई थी। उस घटना में भी सेपको कंपनी को जिम्मेदार ठहराया गया था और मामला अब तक अदालत में लंबित है।
इधर, ताजा हादसे पर संयंत्र प्रबंधन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। स्थानीय लोगों और कर्मचारियों का कहना है कि यदि समय रहते रखरखाव और सुरक्षा नियमों का पालन नहीं किया गया, तो भविष्य में और भी गंभीर हादसे हो सकते हैं।




