बलौदाबाजार। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान बीती रात एक हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, कोतवाली पुलिस की कार्रवाई के दौरान हितेश्वर भट्ट नामक युवक के कमर के नीचे के हिस्से में कांच की बोतल फूट जाने से गहरी चोट आई। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
इस घटना को लेकर अब राजनीतिक माहौल गर्मा गया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने थाना प्रभारी पर आदिवासी युवक से मारपीट और अत्याचार का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी की तस्वीर लेकर कोतवाली थाने पहुंचकर प्रदर्शन किया और थाना प्रभारी को हटाने की मांग को लेकर प्रशासन को आवेदन सौंपा।
Read Also- कलेक्टर-एसपी कॉन्फ्रेंस में सीएम साय के सख्त तेवर, तीन जिलों के एसपी को लगाई फटकार
युवक का आरोप- “TI ने पीछे से मारी लात”
घायल हितेश्वर भट्ट ने बताया कि वह रात करीब 9 बजे रिसदा रोड स्थित एक दुकान के पास सिगरेट पी रहा था और पैंट के पिछले हिस्से में शराब की छोटी शीशी रखी थी। तभी कोतवाली थाना प्रभारी अजय झा पुलिस टीम के साथ वहां पहुंचे। पुलिस को देखकर लोग भागने लगे। हितेश्वर के अनुसार, इसी दौरान थाना प्रभारी ने पीछे से लात मारी, जिससे बोतल फूट गई और उसके शरीर में घुस गई। उसे जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां 14 टांके लगे।
पुलिस का पक्ष
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह ने बताया कि पुलिस नशे के विरुद्ध अभियान चला रही थी। रिसदा रोड क्षेत्र में शराब पीने-पिलाने की गतिविधि की सूचना पर कार्रवाई की जा रही थी। पुलिस को देखकर लोग भागने लगे, इसी दौरान हितेश्वर भट्ट, जो अपने पैंट के पिछले हिस्से में शराब की बोतल रखे था, घायल हो गया। उसका इलाज जारी है और स्थिति स्थिर है। अधिकारी ने कहा कि यदि युवक कोई शिकायत देता है, तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
Read Also- मंत्री के निज सचिव ने सड़क पर मनाया पत्नी का जन्मदिन, हाईकोर्ट ने लिया संज्ञान, सरकार को सख्त कार्रवाई के निर्देश
परिजनों और कांग्रेस का आरोप
पीड़ित की मां रानी भट्ट ने कहा कि उनका बेटा दुकान में खड़ा था, तभी पुलिस ने बिना कारण मारपीट कर दी। उन्होंने मामले में न्याय की मांग की है।
वहीं, जिला युवक कांग्रेस अध्यक्ष शैलेन्द्र बंजारे ने कहा कि आदिवासी युवक के साथ पुलिस ने अत्याचार किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि थाना प्रभारी अपनी दबंगई दिखा रहे हैं और उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जानी चाहिए।
चिकित्सक का बयान
सिविल सर्जन डॉ. अशोक वर्मा ने बताया कि हितेश्वर भट्ट के कमर के निचले हिस्से में गहरी चोट आई है। इलाज जारी है और फिलहाल उसकी स्थिति खतरे से बाहर है।




