रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) में संगठनात्मक मजबूती की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रदेश के सभी 33 जिलों के लिए नए जिला प्रभारियों की नियुक्ति की है। यह फैसला कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के निर्देश पर लिया गया है। इन नियुक्तियों का मुख्य उद्देश्य मंडल और सेक्टर कमेटियों का शीघ्र पुनर्गठन करना है।
नई सूची के अनुसार, पूर्व मंत्री शिव डहरिया को रायपुर शहर एवं ग्रामीण का प्रभारी बनाया गया है। मोहम्मद अकबर को बलौदाबाजार, रविंद्र चौबे को दुर्ग-भिलाई, उमेश पटेल को बिलासपुर और मोहन मरकाम को जगदलपुर का जिला प्रभारी नियुक्त किया गया है। पार्टी ने अन्य जिलों के लिए भी अनुभवी और सक्रिय नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी है। इस संबंध में कांग्रेस द्वारा विस्तृत सूची जारी की गई है।
Read Also- Ex CM भूपेश बघेल के घर पहुंची ED, X पर पोस्ट कर दी जानकारी
कमेटियों के गठन के लिए शुरू होगी जिला स्तरीय बैठकें
नए जिला प्रभारी अपने-अपने जिलों में जाकर जिला कार्यकारिणी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी और मोर्चा संगठनों के जिला अध्यक्षों के साथ समन्वय स्थापित करेंगे। इन बैठकों के माध्यम से मंडल और सेक्टर स्तर पर कमेटियों का पुनर्गठन किया जाएगा। इस प्रक्रिया में सांसद, पूर्व सांसद, विधायक, पूर्व विधायक और वरिष्ठ नेताओं से विचार-विमर्श कर आवश्यक सुझाव लिए जाएंगे।
पार्टी ने स्पष्ट किया है कि इस पूरी प्रक्रिया को तय समयसीमा के भीतर पूर्ण करना अनिवार्य होगा। साथ ही, प्रभारियों को प्रगति की नियमित जानकारी प्रदेश नेतृत्व को देना होगी। ब्लॉक स्तर पर नियुक्त प्रभारी पूरे संगठनात्मक कार्य की निगरानी करेंगे।
Read Also- आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा 27 जुलाई को, व्यापम ने जारी किए सख्त दिशा-निर्देश
सामाजिक संतुलन और युवा नेतृत्व को प्राथमिकता
कांग्रेस के उदयपुर नवसंकल्प शिविर में लिए गए प्रस्तावों के अनुसार, प्रत्येक मंडल और सेक्टर कमेटी में अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक और महिला वर्ग को न्यायसंगत प्रतिनिधित्व देना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही, हर कमेटी में 50 वर्ष से अधिक और 50 वर्ष से कम आयु के कम से कम एक-एक सदस्य को शामिल करना अनिवार्य है।
देखें पूरी सूची








